फरीदाबाद पुलिस ने साइबर अपराध पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हफ्ते में ही 9 मामलों का निस्तारण कर 34 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त साइबर अभिषेक जोरवल के नेतृत्व में 16 से 22 अगस्त तक साइबर थानों की टीमों ने यह अभियान चलाया, जिसके दौरान आरोपियों से ₹41,05,500 की नकदी बरामद की गई। यही नहीं, पुलिस ने 328 शिकायतों का समाधान कर ₹1,70,700 पीड़ितों को वापस दिलाए और ₹2,08,867 की राशि साइबर अपराधियों के खातों में फ्रीज कराई।
गिरफ्तार आरोपियों में सूरज पंडराम, विनोद, अभिषेक कश्यप, रिंकू, रवि, विकास, करन, संभव, प्रियांश, राहुल तिवारी सहित कुल 34 लोगों के नाम शामिल हैं। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आरोपी निवेश में मुनाफे का झांसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। पहले मामूली फायदा देकर विश्वास जीतते और फिर पीड़ितों की पूरी कमाई हड़प लेते। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, किसी भी लिंक या ऑफर पर बिना जांचे क्लिक न करें और अगर साइबर ठगी का शिकार हो जाएं तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।