नगर निगम प्रशासन ने मस्जिद चौक को जाम मुक्त करने के लिए स्लिप रोड बनाने की योजना को मंजूरी दी है। स्लिप रोड बनने से इस चौक से शहर के अंदरूनी इलाकों में आवाजाही करने वाले वाहन चालकों को ट्रैफिक लाइट की वजह से लगने वाले जाम में नहीं फंसना पड़ेगा। इस योजना के लिए नगर निगम प्रशासन ने बजट को मंजूरी दे दी है। एनआईटी तीन मस्जिद चौक पर हर कार्यदिवस पर ट्रैफिक का काफी दबाव रहता है। मस्जिद चौक से सैनिक कॉलोनी मोड़ से होते हुए वाहन चालक गुरुग्राम तक आवाजाही करते हैं। गुरुग्राम से आने-जाने वाले ट्रैफिक की वजह से यहां सुबह-शाम वाहनों का दबाव रहता है। इस चौक से शहर के अंदरूनी इलाकों में आवाजाही करने वाले वाहन चालक भी यहां ट्रैफिक लाइट की वजह से लगने वाले जाम में फंस जाते हैं।
इन इलाकों का सफर होगा आसान इस चौक से वाहन चालक मुल्ला होटल चौक, डबुआ, एनआईटी-दो, तीन, सैनिक कॉलोनी और मेट्रो मोड़ की ओर आवाजाही करते हैं। स्लिप रोड बनने के बाद वाहन चालकों को शहर के उपरोक्त इलाकों की ओर आने-जाने के लिए ट्रैफिक लाइट के जाम में नहीं फंसना पड़ेगा। इससे काफी राहत मिलेगी।
बिजली के खंभे हटाए जाएंगे नगर निगम प्रशासन ने स्लिप रोड बनाने के लिए 5 लाख 85 हजार 304 रुपये का बजट भी मंजूर कर दिया है। यहां पर रेडी मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) की स्लिप रोड बनाई जाएगी। अगले माह से यहां पर निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। फिलहाल मस्जिद चौक के चारों ओर अवैध कब्जे भी हैं। वहीं यहां पर बिजली के खंभे लगे हुए हैं। यहां स्लिप रोड बनाने से पहले दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम को बिजली खंभे भी हटाने पड़ेंगे।