फरीदाबाद के NIT स्थित जवाहर कॉलोनी की गली नंबर-दो पिछले कई वर्षों से दलदल बनी हुई है, जिससे यहां के लोगों का आवागमन बंद है। उन्हें अन्य लंबे रास्तों से घूमकर जाना पड़ता है। इस गली से 15 इंटरनल गलियों का रास्ता जाता है, जिससे हजारों लोगों का जीवन नरक बना हुआ है। स्थिति यह है कि किराये पर रहने वाले लोग तो यहां से पलायन करने लगे हैं। वहीं जिन लोगों के पास फोर व्हीलर है, उन्हें काफी दूर पार्किंग में गाड़ी खड़ी करनी पड़ती है, जिसके लिए उन्हें शुल्क भी चुकाना पड़ता है। इसके बाद वहां से पैदल ही अन्य रास्तों से चक्कर लगाकर अपने घर आना पड़ता है। यहां के लोगों का कहना है कि सवा साल पहले इस गली को पक्की करने के लिए उद्घाटन किया गया था, लेकिन आज तक इसका निर्माण शुरू नहीं हो सका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समाधान शिविर और नगर निगम अधिकारियों को शिकायत करने के बाद भी समस्या बरकरार है।
स्थानीय लोगों की मांग पर तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यकाल में गली नंबर दो में नाली और रोड बनाने का टेंडर जारी हुआ था। यह काम सारन स्कूल रोड से 60 फीट रोड तक होना है। अभी तक न तो नाली बनी और न ही पाइप लाइन बिछाई गई। इससे की इस गली से निकलना दुश्वार हो गया है। लोगों ने इस गली से आना जाना बंद कर दिया है। इस गली से 15 इंटरनल गली है, जिनमें हजारों लोगों की आबादी है। गली में कीचड़ है। कॉलोनीवासी इस कार्य को कराने के लिए निगम अधिकारियों से अनेकों बार शिकायत कर चुके हैं। इस बारे में एनआईटी विधायक सतीश फागना का कहना है कि इस गली के सभी कार्य किए जाएंगे। नाली बनाने का काम शुरू हो चुका है। रोड भी जल्द बना दिया जाएगा।