हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान के तहत मंगलवार को नगर निगम के स्पेशल ऑफिसर (सेनिटेशन) अनिल कुमार यादव (एचसीएस) व अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने शहर के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, मैरिज पैलेस संचालकों की बैठक ली। बैठक में स्पेशल ऑफिसर ने सभी से स्वच्छता अभियान में निगम का सहयोग करने, अपने संस्थान व आसपास के क्षेत्र को साफ रखने और स्वच्छता संबंधित सभी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही नियमों का पालन न करने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
सभी ने उन्हें स्वच्छता अभियान में निगम का पूर्ण सहयोग करने का आश्वासन दिया। स्पेशल ऑफिसर अनिल यादव ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश के हर शहर को स्वच्छ व साफ बनाने के लिए हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की है। यह अभियान 25 नवंबर तक निरंतर चलाया जाएगा। स्वच्छता अभियान को कामयाब बनाने के लिए हर शहरवासी की भागीदारी जरूरी है। इसलिए सभी होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट व मैरिज पैलेस संचालक भी इसमें अपना सहयोग दें। खाना खिलाने, शादी समारोह, जन्मदिन समारोह व अन्य आयोजनों में सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करें। कचरे का निस्तारण करें। गीले कचरे से खाद तैयार करें। अपने संस्थान में स्वच्छता संबंधित नियमों का पालन करें। खुले में गंदगी न फैलाएं। अपने संस्थान से निकलने वाले कचरे को सड़क किनारे न डालकर निगम के वाहन में डाले।