गुरुवार को अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ के सभागार में अग्रवाल कॉलेज की स्ट्रीट आर्ट एंड मुरल क्लब, विवेकानंद स्टडी सर्कल व एनएसएस की यूनिट-2, विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी प्रांत हरियाणा, नगर-फरीदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय बंधुत्व दिवस मनाया गया। गौरतलब है कि यह दिवस 11 सितंबर 1893 में स्वामी विवेकानंद जी के अमेरिका के शिकागो विश्व धर्म सम्मेलन के स्मरणोत्सव के रूप में मनाया जाता है। वास्तव में यह उस ऐतिहासिक भाषण की वर्षगांठ है। उन्होंने अपना वक्तव्य इस प्रकार प्रारंभ किया, मेरे अमेरिकी भाइयों और बहनों। यह सुनकर पूरा सभागार जिसमें लगभग 7000 श्रोता थे, लगातार ढाई मिनट तक तालियों से गूंजता रहा।
इस भाषण में उन्होंने धार्मिक सहिष्णुता और सार्वभौमिक स्वीकृति का संदेश दिया और भारत में हिंदू धर्म की एक महान छवि पेश की। इस दिवस को मनाने का उद्देश्य है स्वामी विवेकानंद के विश्व बंधुत्व और सभी धर्म के प्रति सम्मान के विचारों को फैलाना है और युवाओं में राष्ट्रीय एकता की भावना को जगाना है। कार्यक्रम की शुरुआत ओंकार मंत्र व दीप प्रज्ज्वलन से की गई। मंच संचालन का कुशल कार्य कॉलेज की इतिहास की प्रवक्ता डॉ. सुप्रिया ढांडा ने किया। कार्यक्रम के अध्यक्ष महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भाईचारे का संदेश दिया व परिवार इसका प्राथमिक चरण है। इस तरह के कार्यक्रमों के आयोजन के पीछे अग्रवाल कॉलेज के प्रधान देवेंद्र कुमार गुप्ता व कॉलेज के महासचिव दिनेश कुमार गुप्ता का लक्ष्य युवा विद्यार्थियों व समाज में महापुरुषों के विचारों का प्रचार व प्रसार करना है।