निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने निगम कर्मचारियों के साथ कॉन्फ्रेंस हॉल में बैठक आयोजित की। बैठक में निगम आयुक्त ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनकी लंबे समय से लंबित मांगों जैसे वर्दी, जूते, कूड़ा उठाने हेतु रिक्शे तथा निगम में सम्मिलित ग्रामीण क्षेत्रों के सफाई कर्मचारियों के वेतन संबंधी मुद्दे पर सहमति व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता पखवाड़ा में कर्मचारियों का योगदान सराहनीय है और इन्हीं के प्रयासों से शहर को और अधिक स्वच्छ व सुंदर बनाया जा सकता है। निगम आयुक्त ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में कर्मचारी और बेहतर कार्य करेंगे, जिससे फरीदाबाद स्वच्छता की दिशा में एक मिसाल कायम करेगा। निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने अवगत कराया कि शीघ्र ही प्रत्येक जोन में 500-500 रिक्शे उपलब्ध कराए जाएंगे, जिनके नमूने निगम को प्राप्त हो चुके हैं।
इन रिक्शों के आने से सफाई व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी होगी। बैठक में जॉइंट कमिश्नर गजेंद्र सिंह, क्षेत्रीय एवं कर अधिकारी सुमन रतरा,निगम यूनियन के प्रधान बलबीर बालगुहेर, प्रधान नरेश शास्त्री सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। यूनियन प्रतिनिधियों ने निगम आयुक्त के सकारात्मक निर्णयों का स्वागत करते हुए कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान हेतु निगम प्रशासन की यह पहल अत्यंत सराहनीय है। आयुक्त ने दोहराया कि कर्मचारियों के हित निगम प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और उनकी सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा।