महिलाओं के सामाजिक व आर्थिक सम्मान के लिए 25 सिंतबर को एक महत्वाकांक्षी योजना दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की हरियाणा सरकार शुरुआत करने जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 25 सिंतबर को दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के मोबाइल ऐप का पंचकूला से शुभारम्भ करेंगे। इसी दिन गुरुग्राम सहित राज्य के सभी जिलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे। हरियाणा सरकार द्वारा सामाजिक न्याय अधिकारिता अनुसूचित जातियां एवं पिछड़े वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग के माध्यम से यह योजना महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए एक अहम कदम मानी जा रह है।
ADC वत्सल वशिष्ठ ने रविवार को बताया कि इस योजना का उद्देश्य राज्य की आर्थिक रूप से कमजोर पात्र महिलाओं को महीने के 2100 रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। इस योजना के लिए आवश्यक एप के शुभारंभ अवसर के साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा महिलाओं के लिए सभी स्वास्थ्य जांच केंद्रों पर स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे। योजना के दायरे से यह रहेंगे बाहर : ADC ने बताया कि वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, विधवा/ निराश्रित महिला के लिए वित्तीय सहायता, दिव्यांग पेंशन, लाडली सामाजिक सुरक्षा योजना, कश्मीरी विस्थापित परिवार के लिए वित्तीय सहायता, बौना भत्ता, तेजाब पीडि़त महिला/लडकी को वित्तीय सहायता, अविवाहित महिला को वित्तीय सहायता, पद्म पुरस्कार विजेताओं के लिए हरियाणा गौरव सम्मान योजना का लाभ लेने वाली महिलाएं दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के लिए पात्र नहीं होंगी। योजना में पंजीकरण की प्रक्रिया 25 सितंबर से आरंभ हो रही है, जिला, उपमंडल, खंड, वार्ड व गांवों में लगने वाले शिविरों में इस योजना के लिए पंजीकरण प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क होगी।