चुनाव आयोग ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की ओर से हाल ही में संपन्न प्रेस कॉन्फ्रेंस में
लगाए गए मतदाताओं के नाम हटाने के आरोपों को गलत और निराधार बताया है। चुनाव आयोग ने
आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया है। साथ ही आयोग ने इस बात पर जोर दिया
है कि जनता की ओर से ऑनलाइन कोई भी वोट नहीं हटाया जा सकता।
हालांकि, चुनाव आयोग ने स्वीकार किया कि कर्नाटक के अलंद विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं के नाम हटाने के कुछ असफल प्रयास किए गए थे और मामले की जांच के लिए चुनाव आयोग ने खुद एक प्राथमिकी दर्ज कराई थी। चुनाव आयोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट कर भी राहुल के आरोपों का खंडन किया। निर्वाचन आयोग ने लिखा, लोकसभा के नेता राहुल गांधी की ओर से लगाए गए आरोप गलत और
निराधार हैं। किसी भी वोट को जनता द्वारा ऑनलाइन नहीं हटाया जा सकता है, जैसा कि राहुल गांधी ने
गलत धारणा बनाई है। प्रभावित व्यक्ति को सुनवाई का अवसर दिए बिना कोई भी बदलाव या विलोपन
नहीं हो सकता है।
