नवरात्रि के पावन अवसर पर सेंट कोलंबस स्कूल, दयालबाग, फरीदाबाद में कोलंबियन डांडिया उत्सव बड़े हर्षोल्लस और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ धूमधाम से आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर झिलमिलाती रोशनी और पारंपरिक साज-सज्जा से सराबोर था। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और माँ दुर्गा के जयकारों के साथ हुई। इसके पश्चात कक्षा नर्सरी से पाँचवीं तक के बच्चों ने अपनी माताओं के साथ उत्सव में भाग लेकर समां बाँध दिया। बच्चों और माताओं की सहभागिता ने समारोह को यादगार बना दिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी माताओं ने डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया। उनके जोश और उत्साह ने दर्शकों का मन मोह लिया और वातावरण में उल्लास और भी बढ़ गया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विविध आकर्षक स्टॉल भी लगाए गए, जिनमें टैटू, मेंहदी, दीया एवं तोरण, रंगोली आदि थे। स्वादिष्ट व्यंजनों के फूड स्टॉल भी लगाए गए थे। इन स्टॉल्स पर विद्यार्थियों और अभिभावकों की भीड़ देखने लायक थी। बच्चे और माताएँ विशेष रूप से मेहंदी और टैटू स्टॉल पर उत्साहित नज़र आए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रैंप वॉक रहा, जिसमें माताओं ने पूरे आत्मविश्वास और उत्साह के साथ मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनके इस उत्साहपूर्ण प्रदर्शन को दर्शकों ने ज़ोरदार तालियों से सराहा। रैंप वॉक का परिणाम कुछ इस प्रकार रहा- प्रथम स्थान पर प्रियंका व प्रियंवदा, द्वितीय स्थान पर शिवांगी व दीप्ति तथा तीसरे स्थान पर कणिका, दक्षिता, आरती व संध्या रहीं।
लक्की ड्रॉ के परिणाम की भी घोषणा की गई। रैंप वॉक व लक्की ड्रॉ के सभी विजेताओं को निदेशिका संगीता भाटी द्वारा पुरस्कार प्रदान किया गया। अंत में विद्यालय की निदेशिका संगीता भाटी ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन न केवल विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं, बल्कि अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी से उत्साह और भी प्रबल होता है। यह उत्सव एकता और आत्मीयता का संदेश भी देता है। उन्होंने सभी माताओं को डांडिया उत्सव में भाग लेने व इसकी शोभा बढ़ाने के लिए धन्यवाद दिया। अभिभावकों ने डांडिया उत्सव के भव्य आयोजन के लिए अध्यक्ष ऋषि चौधरी तथा निदेशिका संगीता भाटी का आभार प्रकट किया। यह आयोजन सभी के लिए स्मरणीय रहेगा।