हरियाणा सरकार में खेल, युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता तथा कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार श्रमिक वर्ग के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा को नई ऊंचाई देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार की ओर से श्रमिकों के कल्याण और उत्थान के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम रविवार को पलवल स्थित जिला सचिवालय के सरल केंद्र में जिला स्तरीय श्रमिक सम्मान एवं जागरूकता समारोह का रिबन काटकर शुभारंभ करने उपरांत उपस्थित श्रमिक जनों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से आयोजित किया गया यह श्रमिक सम्मान एवं जागरूकता समारोह श्रमिक वर्ग की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। सरकार की यह पहल श्रमिक वर्ग के मनोबल को और सुदृढ़ करेगी। उन्हें प्रेरित करेगी कि वे समाज निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते रहे।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के कुशल नेतृत्व में श्रम को सम्मान दिलाने और समाज को जागरूक करने की दिशा में आज पूरे प्रदेशभर में श्रमिक सम्मान एवं जागरूकता समारोह सफलतापूर्वक आयोजित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सोच है कि समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी समान अवसर और सम्मान मिले। उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए निरंतर योजनाएं लागू करते हुए श्रमिकों को लाभान्वित कर रही है। इस अवसर पर श्रमिकों को उनके अधिकारों की जानकारी देने और उन्हें सरकारी योजनाओं से सीधे जोडऩे का कार्य भी किया गया।
खेल राज्य मंत्री ने कहा कि श्रमिक ही राष्ट्र निर्माण का आधारस्तंभ है। वह खेतों में अन्न उगाने से लेकर कारखानों में उत्पादों निर्माण करने, महानगरों की बडी-बडी बिल्डिंगों का निर्माण करने सहित भारत की प्रगति में अपना बहुमूल्य योगदान देता है, जिसमें श्रमिकों की कड़ी मेहनत और परिश्रम शामिल होता है। श्रमिक राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि श्रमिक देश की प्रगति में अहम योगदान दे रहे हैं। हमारी भारतीय संस्कृति में श्रम को पूजा और श्रमिक को विश्वकर्मा कहा जाता है।इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सैनी के मुख्य आतिथ्य में गुरुग्राम विश्वविद्यालय में राज्य स्तरीय श्रमिक सम्मान एवं जागरूकता समारोह का लाइव टेलीकास्ट भी दिखाया गया। मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय समारोह में श्रमिकों की सुविधा के लिए हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड की नई मोबाइल एप्लीकेशन श्रमिक साथी, ओटो अप्रूवल ऑफ वर्क टाइम एक्समप्शन सुविधा और फूड कैंटीन पेमेंट की सुविधा के लिए यूपीआई और क्यू आर कोड की लांचिंग की। समारोह में श्रमिकों को उनके कल्याण और उत्थान के लिए सरकार की ओर से लागू की गई विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ लाभ वितरण भी किया गया।