डिस्ट्रिक्ट टाउन प्लानर इंफोर्समेंट की तरफ से अवैध कॉलोनियों में तोड़फोड़ की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को गांव बदरपुर सैद व भूपानी में विकसित हो रही 2 अवैध कॉलोनियां तोड़ी गई। कॉलोनियों में कई अवैध निर्माणों को तोड़ दिया गया।
डिस्ट्रिक्ट टाउन प्लानर इंफोर्समेंट यजन चौधरी ने बताया कि भूपानी व बदरपुर सैद में करीब 8 एकड़ जमीन पर 2 अवैध कॉलोनियां विकसित हो रही थीं। इन कॉलोनियों में तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान मौके पर एक प्रॉपर्टी डीलर ऑफिस, 2 बाउंड्री वॉल, 26 डीपीसी लेवल के निर्माणों को तोड़ दिया गया। इसके साथ ही कॉलोनियों में विकसित किए गए सड़क नेटवर्क को भी उखाड़ दिया गया। यजन चौधरी ने बताया कि मौके पर लोगों को दोबारा से अवैध निर्माण न करने की चेतावनी दी गई। लोगों से अपील की गई है कि अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदकर मकान आदि न बनाएं।
अवैध कॉलोनियों में तोड़फोड़ की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। शहर में किसी भी सूरत में अवैध कॉलोनियों को विकसित नहीं होने दिया जाएगा। गौरतलब है कि डीटीपी द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले गुरुवार को मेवला महाराजपुर अंडरपास से सेक्टर-45 को जाने वाली सड़क पर करीब 2 एकड़ जमीन पर तोड़फोड़ विभाग की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची थी। तोड़फोड़ दस्ते को देखते ही लोगों में हड़कंप मच गया था। टीम ने बुलडोजर की मदद से अस्थायी तौर पर बनी झुग्गियों और ढांचों को गिरा दिया। वहीं कैल गांव में भी विकसित हो रही अवैध कॉलोनी में तोड़फोड़ की कार्रवाई को अंजाम दिया गया। डिस्ट्रिक्ट टाउन प्लानर इंफोर्समेंट यजन चौधरी ने बताया कि कैल गांव में अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी।