राजकीय महिला महाविद्यालय, सेक्टर-16A, फरीदाबाद में इको क्लब एवं आउटरीच कार्यक्रम के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को “नशा मुक्त भारत, हरित भारत” थीम पर पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के 50 से अधिक पौधे रोपे गए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नशे की बुराइयों के प्रति जागरूकता फैलाना एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति छात्राओं को प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य घनश्याम दास ने पौधारोपण कर किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि आशु कंसल, प्राचार्य की धर्मपत्नी रहीं। उन्होंने महाविद्यालय को 50 पौधे दान किए तथा छात्राओं को स्वयं एवं अपने आसपास के लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक करने और नशे के खिलाफ संघर्ष में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इको क्लब की संयोजिका डा. पारुल राणा एवं आउटरीच प्रभारी रूपम डोरा ने बताया कि महाविद्यालय में पर्यावरण संरक्षण एवं नशा मुक्ति के विषय पर नियमित रूप से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी श्रृंखला के अंतर्गत आज का पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा महाविद्यालय परिसर में पौधे रोपित किए।