अनाज मंडी स्थित किसान रेस्ट हाउस में आज आयोजित भव्य व्यापारी सम्मेलन में भाजपा के वरिष्ठ नेता पंडित जय भगवान शर्मा (डीडी) मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। सम्मेलन में भारी संख्या में मौजूद व्यापारियों और समाजसेवियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाया गया ह्लस्वदेशी अपनाओ, आत्मनिर्भर बनोह्व अभियान अब केवल एक नारा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय संकल्प बन चुका है।
उन्होंने कहा कि हमें अपने दैनिक जीवन में स्वदेशी उत्पादों का अधिकतम उपयोग करना चाहिए — चाहे वह कपड़ा हो, खाद्य सामग्री हो या घरेलू वस्तुएं। इससे देश की आर्थिक मजबूती के साथ-साथ स्थानीय उद्योगों और परिवारों को भी सीधा लाभ मिलेगा। पंडित जय भगवान शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में हरियाणा सरकार व्यापारियों और उद्यमियों के हित में अनेक योजनाएं चला रही है। उन्होंने जीएसटी से जुड़े सुधारों पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि सरकार ने टैक्स प्रणाली को और अधिक पारदर्शी व सरल बनाया है।
कार्यक्रम में उपस्थित व्यापारियों ने सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि वे भी स्वदेशी उत्पादों के प्रचार-प्रसार में अग्रणी भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम के अंत में पंडित जय भगवान शर्मा ने सभी व्यापारियों से आह्वान किया कि वे हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी के संकल्प को आगे बढ़ाएं और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान दें।
इस अवसर पर राष्ट्रीय उद्योग व्यापार संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री विकास गर्ग, जिला महामंत्री अर्जुन त्यागी, पिहोवा मार्केट कमेटी के चेयरमैन तरण वड़ैच, सतीश सिंगला, अनाज मंडी एसोसिएशन के प्रधान नवीन गर्ग व उपप्रधान चंद्रगुप्त मंगला, हरिओम अग्रवाल, बंटी सिंगला, राइस मिल एसोसिएशन के प्रधान सतीश सैनी, युधिष्ठिर बहल, महेश तलवार, रामधारी शर्मा, हनु चक्रपाणि व अमन सिंगला सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
खबर समाप्त…….