जिले के लोगों को प्रदूषण से कोई राहत मिलती दिखाई नहीं दे रही है। 2 दिन तक AQI में थोड़ा सुधार देखने को मिला, लेकिन गुरुवार को AQI फिर सामान्य से करीब 5 गुना तक अधिक पहुंच गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार गुरुवार को फरीदाबाद का एक्यूआई 253 दर्ज किया गया फरीदाबाद में पिछले काफी समय से प्रदूषण का स्तर खराब श्रेणी में बना हुआ है।
हवा की गति थोड़ा तेज होने से पिछले 2 दिन AQI में हल्की गिरावट देखने को मिली और यह 200 से नीचे पहुंच गया, लेकिन गुरुवार को हवा की गति कम हुई और प्रदूषण का स्तर एक बार फिर से बढ़ना शुरू हो गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार गुरुवार को फरीदाबाद का AQI 253 दर्ज किया गया, जो प्रदूषण की खराब श्रेणी में आता है और सामान्य से करीब 5 गुना अधिक है। बल्लभगढ़ क्षेत्र की स्थिति अधिक खराब है। यहां पर एयर क्वालिटी इंडेक्स 332 दर्ज किया गया, जो प्रदूषण की बहुत खराब श्रेणी में आता है और सामान्य स्तर से करीब साढ़े छह गुना अधिक है। फरीदाबाद के अन्य क्षेत्रों की बात करें तो सेक्टर 11 क्षेत्र में 300, एनआईटी क्षेत्र में 231, सेक्टर 30 क्षेत्र में 227 एक्यूआई दर्ज किया गया।