उपायुक्त आयुष सिन्हा ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं के तहत गांव खेड़ी गुजरान में प्रस्तावित इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइवर ट्रेनिंग एंड रिसर्च की ड्राइंग और परियोजना प्रस्तुति को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में परियोजना से संबंधित विस्तृत लेआउट, एडमिन ब्लॉक की रूपरेखा, इंस्टीट्यूशंस लॉ वर्कशॉप, व्हीकल ट्रैक, वाटर बॉडी सुरक्षा मॉड्यूल तथा भूमि उपयोग की तकनीकी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। DC आयुष सिन्हा ने बताया कि संस्थान का ढांचा अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया जाएगा, जिसमें क्लासरूम ट्रेनिंग, ड्राइविंग सिम्युलेटर, वर्कशॉप, टेस्ट ट्रैक और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग के लिए विशेष क्षेत्र शामिल होंगे।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि ड्राइंग और निर्माण योजना में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए तथा परियोजना से जुड़े विभिन्न विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि ढाँचागत केंद्र की स्थापना मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण घोषणा है, इसलिए निर्माण कार्य को उच्च गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाना आवश्यक है। DC आयुष सिन्हा ने योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सॉइल टेस्टिंग से संबंधित सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं।
बैठक के दौरान यह स्पष्ट किया गया कि विस्तृत परियोजना रिपोर्ट DPR को तकनीकी विशेषज्ञों से ऑनलाइन परामर्श कर इसी माह के भीतर अंतिम रूप दिया जाए तथा सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित चंडीगढ़ कार्यालय को प्रेषित किया जाए। उन्होंने कहा कि संरचना की स्थिरता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और प्रत्येक चरण में तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित हो। स्ट्रक्चरल ऑडिट को पूरी गंभीरता के साथ समय पर पूर्ण करने तथा इंजीनियरिंग पहलुओं का समग्र रिव्यू करने के निर्देश भी दिए गए।