हरियाणा सरकार के मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का उद्देश्य समाधान शिविर, सीएम विंडो, एसएमजीटी पोर्टल और जनसंवाद पोर्टल पर लंबित जनशिकायतों की प्रगति का आकलन करना था।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी उपायुक्त अपने-अपने जिलों में समाधान शिविरों, सीएम विंडो, जनसंवाद एवं एसएमजीटी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक निपटान सुनिश्चित करें। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के पश्चात उपायुक्त आयुष सिन्हा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान शिविर, सीएम विंडो, एसएमजीटी पोर्टल और जनसंवाद पोर्टल की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि पोर्टल पर दर्ज सभी शिकायतों का निवारण प्रभावी, दीर्घकालिक एवं पारदर्शी तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग यह ध्यान रखे कि शिकायतों की एंट्री सही, स्पष्ट और वास्तविक स्थिति के अनुरूप हो, ताकि मुख्यालय स्तर पर वे दोबारा न खुले। साथ ही उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि सभी अधिकारी अपने विभाग से संबंधित पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की पूरी जानकारी रखें और उनकी प्रगति की नियमित रूप से समीक्षा करना सुनिश्चित करें।