अवैध संबंध के शक में एक युवक ने अपने रिश्तेदार की फावड़ा से काटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। जानकारी के अनुसार आरोपी ने अपने रिश्तेदार को आपत्तिजनक हालत में पत्नी के साथ देख लिया था। जिसके बाद उसने युवक पर फावड़ा चला दिया। जिससे उसकी मौत हो गई।
सरूरपुर के रामनगर में विकास अपने परिवार के साथ रहता था। इसी मकान में उसका रिश्तेदार (जीजा का जीजा) शंभू भी अपने परिवार के साथ रहता था। एक मकान में करीब 10 से 12 लोग किराए पर रहते हैं। पुलिस के अनुसार, शंभू की पत्नी और विकास का अवैध संबंध काफी दिनों से चल रहा था। इसको लेकर शंभू और विकास में कई बार पहले भी झगड़ा हुआ था। शंभू ने विकास और अपनी पत्नी को आपत्तिजनक हालत में देख लिया। जिसके बाद उसने पास पड़े फावड़ा उसके सिर पर मार दिया। वहीं, खून से लहूलुहान विकास को परिजन अस्पताल ले जाने लगे, जहां रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। आरोपी हत्या करने के बाद मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। संजय कॉलोनी चौकी प्रभारी कैलाश खटाना ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। फावड़ा मारकर युवक की हत्या की गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।