सिही गेट स्थित सिगरेट के श्याम सेल्स नाम से गोदाम में रात को 4 चोर दीवार फांद कर अंदर घुस आए। गोदाम के चौकीदार सुशील कुमार के साथ उन लोगों ने मारपीट की और बंधक बनाकर कमरे में अंदर बंद कर दिया। इसके बाद यहां से डेढ़ करोड़ की सिगरेट ले गए। यह गोदाम जैतपुर दिल्ली के रहने वाले पवन नाटिया का बताया गया है। उनके पास में TTI तंबाकू कंपनी के सिगरेट की एजेंसी है। चोरी के बारे में सुबह तब पता चला जब रिंकू नाम का दूसरा चौकीदार ड्यूटी पर आया। उसने दरवाजा खटखटाया तो किसी ने भी दरवाजा नहीं खोला। वह भी दीवार कूद कर अंदर गया तो जाकर देखा कि सुशील कुमार को बंधक बनाकर कमरे में डाला हुआ था।
इसके बारे में रिंकू ने अपने गोदाम के मालिक पवन नाटिया को सूचना दी। सुशील की आंख पर चोट लगी बताई गई है। उसे किसी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना शहर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर आकर पुलिस ने जांच की तो डेढ़ करोड़ की सिगरेट चोरी होना बताया गया। गोदाम के सामने ट्रांसफार्मर पर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी चोरों ने तोड़ दिया। पुलिस ने बंधक बनाए गए चौकीदार से बदमाशों के बारे में पूछताछ की और उनका हुलिया दर्ज किया। पुलिस ने बदमाशों के गोदाम में घुसने के रास्ते की जांच की और घटना में इस्तेमाल किए औजार तलाशे। फिलहाल, चौकीदार रिंकू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।