फरीदाबाद में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों पर भव्य प्रवेश द्वार तैयार किए जाएंगे। प्रवेश द्वारों के दोनों ओर सुंदरीकरण भी किया जाएगा। यह कार्य नगर निगम की योजनाओं के तहत किया जाएगा।
इस परियोजना के लिए नगर निगम ने DPR (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने और सर्वे कराने का काम एक निजी एजेंसी को सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार, एक से डेढ़ महीने के भीतर प्रवेश द्वार निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया जाएगा।
योजना के तहत गुरुग्राम रोड, सूरजकुंड रोड और बदरपुर रोड—इन तीन प्रमुख स्थानों पर प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। गुरुग्राम की ओर से आने वाले लोग सैनिक कॉलोनी के रास्ते औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में प्रवेश करते हैं, जबकि दिल्ली की ओर से आने वाले लोगों के लिए बदरपुर बॉर्डर प्रमुख प्रवेश मार्ग है। वहीं पलवल की ओर से आने वाले लोग सीकरी मार्ग से जिले में प्रवेश करते हैं।
हालांकि, वर्तमान में गुरुग्राम से आने वाले लोगों को सैनिक कॉलोनी क्षेत्र में प्रवेश करते ही गंदगी का सामना करना पड़ता है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। नगर निगम प्रवेश द्वारों पर बोर्ड भी लगाएगा, जिन पर औद्योगिक नगरी फरीदाबाद की उपलब्धियों और पहचान को दर्शाया जाएगा। नगर निगम का मानना है कि इससे शहर की सुंदरता बढ़ेगी और बाहर से आने वाले लोगों पर फरीदाबाद की एक सकारात्मक छवि बनेगी।