मध्य दिल्ली के पहाड़गंज स्थित एक होटल में बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात आग लग जाने से 3 लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। घायलों की पहचान विनोद (36), वसंत कुमार (38) और हितेश कुमार (36) के रूप में हुई है।
हादसे में विनोद 70 % जल चुका है, जबकि वसंत और हितेश क्रमश: 10 और 5 % जला है। दिल्ली दमकल सेवा (डीएफएस) को रात 3 बजकर 5 मिनट पर 5 मंजिला एक इमारत में आग लगने के संबंध में सूचना मिली। डीएफएस के एक अधिकारी ने बताया कि आग भूतल पर लगी थी। अधिकारी ने बताया कि कुल 8 लोगों को परिसर से सुरक्षित निकाल लिया गया और तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि तड़के 4 बजकर 25 मिनट तक आग पर काबू पा लिया गया।