D.A.V ज्ञान प्रकाश चोपड़ा पब्लिक स्कूल, के प्रागंण में 1फरवरी, 2026 को विश्वव्यापी पहल ‘नशा-मुक्त राष्ट्र’ अभियान के अंतर्गत भव्य सौ कुंडीय हवन का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति के विरुद्ध जन जागरूकता फैलाना और नशा-मुक्त स्वस्थ भारत के संकल्प को मज़बूती प्रदान करना था। जिसे हरियाणा के सभी D.A.V. स्कूलों और कॉलेजों द्वारा शुरू किया गया है। कार्यक्रम का आयोजन आर्य युवा समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगी सूरी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में किया गया । इस भव्य आयोजन के मुख्य अतिथि मनोज नासवा (पार्षद, वार्ड नं.16, फरीदाबाद), अभिभावक गण तथा स्थानीय नागरिक थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण तथा मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य महोदय द्वारा हवन कुंड में पहली आहुति देकर किया गया। इसके पश्चात शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सामूहिक रूप से हवन में आहुति प्रदान की। पूरे वातावरण में गूँजते वेदमंत्रों ने पवित्रता, ऊर्जा तथा सामाजिक एकता का संदेश प्रसारित किया। सारा वातावरण ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ों’ जैसे संकल्पों से गूँज उठा।
हवन के उपरांत विद्यार्थियों द्वारा ‘नशा मुक्ति’ पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया,जिसमें उन्होंने नशे के दुष्प्रभाव को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया तथा युवाओं को नशे से बचने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि मनोज नासवा ने अपने संबोधन में इस बात पर प्रकाश डाला कि नशा मुक्त समाज तभी हासिल किया जा सकता है जब परिवार, स्कूल और समुदाय जागरूकता फैलाने के लिए एक साथ मिलकर प्रयास करेंगें और अपने अंदर विद्यमान कुविचारों को दूर करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया। हवन के उपरांत कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनों के लिए प्रसाद का वितरण किया गया। विद्यालय ने यह भी संकल्प लिया कि भविष्य में भी वे सामाजिक जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करते रहेंगे। इस प्रकार यह आयोजन सफल, प्रेरणादायी एवं सभी के लिए शिक्षाप्रद सिद्ध हुआ। प्राचार्य राजन गौतम ने मुख्य अतिथि एवं सभी आगंतुकों का हार्दिक धन्यवाद किया। कार्यक्रम का समापन शांतिपाठ व राष्ट्रगान द्वारा किया गया।