दिल्ली के विकासपुरी इलाके में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां खड़ी एक निजी बस में आग लगने से बस कंडक्टर की झुलसकर मौत हो गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय सुनील के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सुनील रात के समय बस के अंदर सो रहा था और उसने मच्छरों से बचने के लिए अगरबत्ती जलाई थी, जिससे आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना रात करीब 12.35 बजे दमकल विभाग को मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। हालांकि, आग बुझाने के बाद बस के अंदर से सुनील का शव बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि बस हरियाणा नंबर की एक निजी बस थी, जिसे करीब 28 दिन पहले ही सर्विस में लाया गया था। आग लगने की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिससे राहत कार्य शुरू किया जा सका।
फिलहाल, सुनील के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है और सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल की जा रही है।