प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज असम के डिब्रूगढ़ जिले के दौरे पर रहेंगे, जहां वे कई अहम विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण मोरान में विकसित Emergency Landing Facility (ELF) है। प्रधानमंत्री भारतीय वायु सेना के C-130 विमान से राष्ट्रीय राजमार्ग-37 के मोरान सेक्शन पर उतरेंगे। यह पूर्वोत्तर क्षेत्र की अपनी तरह की पहली राजमार्ग हवाई पट्टी है, जिसे आपातकालीन और रणनीतिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया कि इस सुविधा के शुरू होने से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और सामरिक मजबूती दोनों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि परीक्षण चरण से लेकर संचालन तक की यह उपलब्धि पूर्वोत्तर के लिए एक नए युग की शुरुआत है। जरूरत पड़ने पर भारतीय वायु सेना के विमान यहां से संचालन कर सकेंगे।
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री भारतीय वायु सेना के लगभग 16 विमानों का हवाई प्रदर्शन भी देखेंगे। इसमें लड़ाकू विमान, परिवहन विमान और हेलीकॉप्टर शामिल होंगे। कुछ विमान हाईवे एयरस्ट्रिप पर लैंडिंग या फ्लाई-पास्ट का प्रदर्शन करेंगे। डिब्रूगढ़-मोरान खंड पर 4.2 किलोमीटर लंबे प्रबलित कंक्रीट हिस्से को दोहरे उपयोग वाली हवाई पट्टी के रूप में विकसित किया गया है, जो देश की सुरक्षा तैयारियों को नई मजबूती देगा।
प्रधानमंत्री अपने इस दौरे में असम में 5,450 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। मोरान कार्यक्रम के बाद वे गुवाहाटी पहुंचकर ब्रह्मपुत्र नदी पर बने कुमार भास्कर वर्मा सेतु का निरीक्षण करेंगे। अमीनगांव में राष्ट्रीय डेटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे, आईआईएम गुवाहाटी की शुरुआत करेंगे और पीएम-ईबस सेवा योजना के तहत 225 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।