फरीदाबाद के बल्लभगढ़ सदर थाना इलाके में गुरुवार रात एक बड़ा हादसा होने से टल गया, जब चंदावली से मोहना जाने वाली सड़क पर एक I20 पेट्रोल कार में अचानक आग लग गई। घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है और कुछ ही देर में पूरी कार जलकर खाक हो गई।
जानकारी के अनुसार, कार में आर्यन नाम का युवक सवार था, जो फरीदाबाद से मोहना गांव की ओर जा रहा था। रास्ते में उसे कार के इंजन की तरफ से धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति भांपते हुए उसने तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे रोका और बाहर निकलकर सुरक्षित दूरी बना ली। थोड़ी ही देर में इंजन में आग भड़क उठी और लपटें तेजी से पूरी कार में फैल गईं।
युवक ने तुरंत डायल 112 और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आसपास मौजूद लोगों ने भी अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण वे सफल नहीं हो सके। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन गाड़ी टीम के साथ मौके पर पहुंची और करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। युवक पूरी तरह सुरक्षित है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह इंजन में तकनीकी खराबी मानी जा रही है, जबकि असली कारण जांच के बाद स्पष्ट होगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल वाहन मालिक की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।