पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को जिला पुलिस लाइन जगाधरी में एक भावुक व सम्मानजनक माहौल के बीच पुलिस विभाग के 4 अधिकारियों के सेवानिवृत्त होने पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इन अधिकारियों ने अपने पूरे सेवाकाल में कानून व्यवस्था को बनाए रखने, आमजन की सेवा तथा समाज की रक्षा हेतु उल्लेखनीय योगदान दिया। समारोह में पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को उनके उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए शुभकामनाएं दीं और भविष्य के जीवन के लिए मंगलकामनाएं प्रकट कीं। इस मौके पर डीएसपी मुख्यालय कवलजीत सिंह, अधिवक्ता सुशील आर्य तथा रिटायर्ड डीएसपी हरिराम मौजूद रहे।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस अवसर पर सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस अधिकारियों में औरनरी निरीक्षक रणदीप सिंह, रविंद्र कुमार, राजकुमार, उप निरीक्षक सतपाल शामिल रहे। इनके परिवारजन भी इस अवसर पर उपस्थित रहे और पूरे समारोह के दौरान भावनात्मक दृश्य देखने को मिले। समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने कहा कि इन पुलिसकर्मियों ने अपनी संपूर्ण सेवा अवधि में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य किया। उन्होंने कहा, “सेवा निवृत्ति केवल एक पड़ाव है, यह किसी रिश्ते का अंत नहीं है। पुलिस विभाग का यह रिश्ता जीवनभर बना रहेगा। आपने अपने कार्यकाल में जिस निष्ठा से जनता की सेवा की है, वह प्रेरणादायक है। अब समय है कि आप अपने परिवार के साथ जीवन के इस नए अध्याय को शांति और आनंदपूर्वक बिताएं।”
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी विभाग के अभिन्न अंग बने रहेंगे और भविष्य में उन्हें यदि किसी भी सहायता की आवश्यकता हो तो वे निःसंकोच पुलिस विभाग से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस विभाग हमेशा अपने सेवानिवृत्त सदस्यों की सहायता के लिए तत्पर रहेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा जितनी चुनौतीपूर्ण होती है, उतनी ही गर्व की बात भी है, और इन सभी अधिकारियों ने यह गर्वपूर्ण जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाई है। इस समारोह में लाइन ऑफिसर निरीक्षक विश्वजीत व जिला पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारीगण और सेवानिवृत्त हो रहे अधिकारियों के परिजन भी शामिल रहे। सभी ने मिलकर सेवानिवृत्त सदस्यों के योगदान को सराहा और उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की। समारोह के अंत में एक सामूहिक भोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी एक साथ शामिल हुए। इस विदाई समारोह ने न केवल एक सेवा यात्रा का सम्मान किया, बल्कि पुलिस परिवार के आत्मीय संबंधों को और भी प्रगाढ़ किया।