कर्मचारी राज्य बीमा निगम श्रमिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा में अपने योगदान के 75वें वर्ष को मना रहा है। इस अवसर पर 27 फरवरी 2026 को कर्मचारी राज्य बीमा निगम क्षेत्रीय कार्यालय हरियाणा परिसर सेक्टर 16 फरीदाबाद में निगम के कर्मचारियों एवं उनके परिवार सदस्यों, संविदा कार्मिकों के लिए निवारक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कर्मचारी राज्य बीमा निगम संगठित क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों को चिकित्सा सुविधाएं एवं नकद हितलाभ जैसे बीमारी हितलाभ, मातृत्व हितलाभ, अपंगता हितलाभ, आश्रितजन हितलाभ प्रदान करता है। निगम की स्थापना 24 फरवरी 1952 को हुई थी।
इस अवसर पर नेत्र, हृदय, हड्डी, स्त्री रोग, कैंसर रोग के विशेषज्ञों ने कार्मिकों की स्वास्थ्य जांच कर उनको परामर्श दिए। विभिन्न जांच जैसे ब्लड शुगर, बी पी, सी बी सी, एल एफ टी, के एफ टी, विटामिन डी3, लिपिड प्रोफाइल, एच बी ए 1 सी, थायराइड प्रोफ़ाइल, पेप समियर, ओरल कैंसर स्क्रीनिंग की गई। इसके अतिरिक्त नेत्र जांच, बोन डेंसिटी जांच, ई सी जी जांच भी की गई।

इस जांच शिविर में 150 से अधिक कार्मिकों तथा उनके परिवार सदस्यों ने विभिन्न जांच कराई व परामर्श लिए। इस शिविर का आयोजन एशियन अस्पताल फरीदाबाद, मेट्रो अस्पताल फरीदाबाद तथा पार्क अस्पताल फरीदाबाद के सहयोग से किया गया। इस कड़ी में 10 मार्च 2026 को कर्मचारी राज्य बीमा निगम क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में रोटरी क्लब फरीदाबाद के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जाएगा।जिसमें ई एस आई सी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा रक्तदान किया जाएगा साथ ही आमजन से विशेषकर सेक्टर -16 के आसपास रहने वाले निवासियों से अपील है कि वे इस शिविर में रक्तदान करके इस आयोजन को बड़े पैमाने पर सफल बनाएं।