अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में रोटरी क्लब वन और साईं धाम संस्था के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 9 सशक्त महिलाओं को ‘वंडर वूमेन’ के खिताब से सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने शिरकत की और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
प्रमुख हस्तियों का हुआ सम्मान:
सम्मानित होने वाली महिलाओं में फरीदाबाद की मेयर प्रवीण बत्ता जोशी और एकॉर्ड अस्पताल की डायरेक्टर एवं वरिष्ठ स्त्री व प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सबिता कुमारी प्रमुख रहीं। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने डॉ. सबिता कुमारी को उनके चिकित्सा क्षेत्र में किए गए अनुकरणीय कार्यों और महिला स्वास्थ्य के प्रति उनके समर्पण के लिए ‘वंडर वूमेन’ अवार्ड भेंट किया। उन्होंने कहा कि आज बेटियां और महिलाएं हर क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। रोटरी क्लब और साईं धाम का यह प्रयास सराहनीय है, जिससे समाज में काम कर रही अन्य महिलाओं को भी प्रेरणा मिलेगी।
डॉ. सबिता कुमारी ने कहा कि एक महिला जब सशक्त होती है, तो वह पूरे समाज और आने वाली पीढ़ियों को नई दिशा देती है। आज की ‘वंडर वूमेन’ केवल वह नहीं है जो सफलता के शिखर पर है, बल्कि वह हर महिला है जो विपरीत परिस्थितियों में भी हार नहीं मानती। चिकित्सा के क्षेत्र में मेरा उद्देश्य हमेशा से महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना और उन्हें अपने शरीर के प्रति जागरूक बनाना रहा है।