हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम का शटरिंग गिर जाने से एक मजदूर की मौत हो गई और 3 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को इस घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान बिहार के किशनगंज जिले के तारकेश्वर (34) के रूप में हुई है। यह घटना बृहस्पतिवार रात को बारगाह क्षेत्र में निर्माणस्थल पर बने स्टेडियम में हुई जहां स्टेडियम की शटरिंग चार मजदूरों पर गिर गई। पुलिस ने बताया कि अन्य मजदूरों ने तुरंत दुर्घटनाग्रस्त से लोगों को बाहर निकाला लेकिन तारकेश्वर की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव को तारकेश्वर के परिवार को सौंप दिया जाएगा। घटना में घायल मजदूरों में लालू कुमार, दीनबंधु और बालकेश्वर शामिल है जिनका चंबा मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है।
यह बहु-मंजिला इनडोर स्टेडियम 11.12 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा है।