रेल मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना और नदिया जिलों में 4 नई रेल लाइन परियोजनाओं को शुरू करने की मंजूरी दे दी है, जिससे भारत-बांग्लादेश सीमा के निकट संपर्क मजबूत होगा। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पूर्वी रेलवे के अधिकारी ने एक बयान में कहा कि कुल 53 किलोमीटर से अधिक लंबी ये चार रेल लाइन क्षेत्र में सामाजिक-आर्थिक विकास को भी बढ़ावा देंगी।
इसमें कहा गया है कि जिन परियोजनाओं को हरी झंडी दी गई है, उनमें बनगांव-पुरमहेशतला (20 किमी), बनगांव-चंदाबाजार (11.5 किमी), चंदाबाजार-बागदाह (13.8 किमी) और राणाघाट (अरंगटा)-दत्ताफुलिया (8.17 किमी) शामिल हैं। बयान में कहा गया, रणनीतिक रूप से, इससे भारत-बांग्लादेश सीमा के पास संपर्क मजबूत होगा और राष्ट्रीय सुरक्षा में सुधार होगा।