नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से होमगार्ड की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह अपनी ड्यूटी पर बाइक से जा रहा था। मृतक की शादी हो चुकी थी और उसका एक बच्चा है। सेक्टर-58 थाना पुलिस के अनुसार, गांव बीजुपुर निवासी समयदीन सुबह छह बजे अपने घर से ड्यूटी के लिए निकला था। जेसीबी चौक फ्लाईओवर पर बाइक को पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
गंभीर हालात में उसको इलाज के लिए अस्पताल लेकर जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। समयदीन पिछले नौ साल से फरीदाबाद पुलिस में होमगार्ड की नौकरी कर रहा था। इस समय सेक्टर छह के बिजली बोर्ड पर उसकी ड्यूटी चल रही थी। सुबह वह बिजली बोर्ड जाने के लिए घर से निकला था। जेसीबी चौक पर किसी बड़े वाहन ने उसको पीछे से टक्कर मारी और टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। फरीदाबाद पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।