पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियातन कोर्ट परिसर को खाली कराना शुरू कर दिया। इसी कारण आज पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की जमानत अर्जी पर होने वाली सुनवाई टाल दी गई है। अगली सुनवाई तक पप्पू यादव बेऊर जेल में ही रहेंगे।
जानकारी के मुताबिक, सिविल कोर्ट को एक ईमेल प्राप्त हुआ था, जिसमें परिसर में तीन RDX आधारित IED लगाए जाने का दावा किया गया था। धमकी मिलने के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और पूरे इलाके की जांच शुरू कर दी गई।
गौरतलब है कि इससे पहले सुबह दिल्ली के नौ बड़े स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके अलावा संसद को निशाना बनाने की धमकी वाला एक ईमेल भी सामने आया था, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।
बताया जा रहा है कि पप्पू यादव को पुलिस ने 31 साल पुराने एक मामले में गिरफ्तार किया है। उन पर किराये के मकान पर अवैध कब्जे का आरोप है। इसी मामले में पटना सिविल कोर्ट में उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई होनी थी, जिसे अब सुरक्षा कारणों से स्थगित कर दिया गया है।