कुरुक्षेत्र हरियाणा के एकमात्र शक्तिपीठ श्री देवीकूप भद्रकाली मंदिर कुरूक्षेत्र में आगामी शारदीय नवरात्रों की तैयारियों को लेकर सेवक मंडल के सदस्यों की विशेष मीटिंग हुई। पीठाध्यक्ष सतपाल शर्मा ने बताया कि इस बार महाशक्ति की महापूजा का महापर्व शक्ति महोत्सव 22 सितंबर से प्रारंभ होगा और 7 अक्तूबर को सम्पन्न होगा। पीठाध्यक्ष ने बताया कि 22 सितंबर को ध्वजारोहण के बाद दोपहर 12 बजे मां भद्रकाली जी की भव्य शोभायात्रा मां की पावन पवित्र ज्योति के साथ प्रारंभ होगी, जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री डा. अरविंद कुमार शर्मा सम्मिलित होंगे और सांय 6 बजे नगर परिक्रमा करके महाआरती के साथ ज्योति प्रतिस्थापना होगी।
उन्होंने बताया कि भजन संध्या प्रतिदिन सांय 4 से 7 बजे होगी और प्रतिदिन सांय 7 बजे 505 ज्योतों से महाआरती होगी। मंगला आरती प्रतिदिन प्रात: 6 बजे होगी। 29 सितम्बर, महासप्तमी को पारम्परिक मनोकामना पूर्ण हवन यज्ञ प्रात: 10 बजे होगा। 30 सितम्बर, मंगलवार श्री दुर्गाष्टमी जागरण में सुप्रसिद्ध गायक रोशन प्रिंस और सारेगामापा के विजेता हर्ष सिकंदर गुणगान करेंगे व रंजना नेब मनमोहक झांकियों से प्रस्तुति देंगी। इस बार विशेष रूप से मां भद्रकाली महाआरती की लॉन्चिंग हरियाणा प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा की जाएगी।
जागरण में आरती करने का सौभाग्य सभी को मिलेगा और जो भी भक्त आरती में शामिल होंगे, उन्हें घर के लिए भी आरती बुक दी जाएगी। अन्नपूर्णा भंडारा व व्रत भंडारा प्रतिदिन होगा। शनिवार और प्रथम नवरात्रि के दिन भंडारे का आयोजन सारा दिन होगा। छप्पन भोग का प्रसाद प्रथम नवरात्र और अष्टमी पर लगाया जाएगा। गोद में बच्चाधारी महिला और 70 वर्ष से ऊपर के बुजुर्गों के सुगम दर्शनों के लिए व्यवस्था अलग से है। इस मौके पर देवेंद्र गर्ग, संजीव मित्तल, जीवन मौदगिल, स्नेहिल शर्मा, सुनील वर्मा, ऋषि तोमर, राजकुमार लाडवा, हाकम चौधरी, विशु संधू, इत्यादि टीम शक्तिपीठ के सैकड़ों सदस्य मौजूद रहे।