नगर परिषद पलवल के चेयरमैन व अधिकारी हर रोज पलवल नगर परिषद को पूरी तरह से आधुनिक बनाने के लंबे-चौडे दावे कर रहे हैं। परंतु उसके बाद भी नगर परिषद में सफाई करने वाले उपकरणों की कमी बनी हुई है। जिसकी वजह से सफाई कर्मचारियों को अपनी जान जोखिम में डाल कर मेन हाल के अंदर घुस कर सफाई करनी पड रही है। जिससे सफाई कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।
नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों का कहना है कि नगर परिषद अध्यक्ष व अधिकारी नगर परिषद को हर प्रकार के उपकरणों से लैस करके परिषद को आधुनिक बनाने के दावे कर रहे हैं। परंतु अभी भी नगर परिषद में सफाई करने वाले उपकरणों की कमी की वजह से सफाई कर्मचारियों को मेन हाल आदि में घुस कर मेन हाल की सफाई करनी पड रही है। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि सफाई के लिए जेड मशीन व दूसरी सफाई मशीनों की कमी की वजह से उन्हें सीवर लाइन जाम होने पर गटर में घुस कर उसको खोलने के लिए मजबूर होना पडता है।
यह बहुत ही खतरनाक होता है। कई बार गटर में जहरीली गैस बनी होती है। जिससे कर्मचारी के स्वास्थ्य पर बुरा असर पडता है। कई बार गैस से जान तक चली जाती है। उन्होंने बताया कि गटर में सफाई आदि के समय गैस की जानकारी के लिए मशीन होती है। उसके नहीं होने पर उन्हें वैसे ही बगैर आक्सीजन सिलेंडर के मेन हाल आदि में जान जोखिम में डाल कर अंदर घुसना पडता है। लोगों का कहना है कि कई बार तो वे जब यह कार्य कर रहे होते है तो कोई भी अधिकारी वंहा पर मौजूद तक नहीं होता है। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि सफाई के सभी उपकरण नगर परिषद दिलाए जिससे उनको मेन हाल आदि में अंदर घुस कर सफाई आदि नहीं करनी पडे।