सोमवार को 4 मंजिला बिल्डिंग के पहले फ्लोर मेंAC का कंप्रेसर फट गया। इससे आग लग गई।
इसका धुआं दूसरे फ्लोर में घुस गया। इसके कारण यहां रह रहे दंपती और उनकी बेटी की दम घुटने से
मौत हो गई, जबकि बेटे ने खिड़की से कूदकर जान बचाई। परिवार ने बचने के लिए छत पर जाने की कोशिश की थी, लेकिन गेट बंद होने से वह छत पर नहीं जा पाए। पड़ोसियों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। लेकिन फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले तीनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए BK अस्पताल भिजवा दिया है। मामला ग्रीनफील्ड कॉलोनी में सुबह 3 बजे सामने सामने आया। पिछले 5 साल से परिवार इस बिल्डिंग में रहा था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सचिन कपूर अपने परिवार के साथ बिल्डिंग के दूसरे फ्लोर में रहते थे।
जबकि पहली फ्लोर में दूसरा परिवार रहता है। सोमवार सुबह करीब 3 बजे पहली फ्लोर में एसी में शॉट सर्किट हो गया और कंप्रेसर फट गया। इससे पहले फ्लोर में आग लग गई। इसका धुआं दूसरे फ्लोर में घुस गया। मकान के अंदर सचिन कपूर, उनकी पत्नी रिंकू कपूर, बेटी सुजान और बेटा आर्यन सो रहे थे। धुएं से उनका दम घुटने लगा और घबराहट में सभी छत की ओर भागे। लेकिन छत का गेट बंद होने के कारण वे वहां से नहीं निकल पाए और वापस कमरे में लौट आए। इसी दौरान सचिन, रिंकू और सुजान बेहोश हो गए। जबकि आर्यन किसी तरह हिम्मत करके खिड़की से कूद गया। नीचे गिरने पर उसके हाथ-पैर में चोटें आईं। पड़ोसियों ने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। आग लगने की सूचना चौथे फ्लोर में रह रहे परिवार ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी थी। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं थीं।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गई।
अचेत अवस्था में मिले सचिन कपूर, उनकी पत्नी रिंकू और बेटी सुजान को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फर्स्ट फ्लोर पर रही रितु मलिक ने कहा कि यह बिल्डिंग राकेश यादव की है, जो चार फ्लोर की है। पहले फ्लोर पर वह रहती हैं। दूसरे फ्लोर पर सचिन कपूर रहते थे। थर्ड फ्लोर उन्होंने ही अपने काम के लिए ऑफिस बनाया हुआ था। चौथी मंजिल पर रजत गोयल अपने परिवार के साथ रहते हैं। सचिन कपूर पिछले पांच साल से ग्रीन फील्ड कॉलोनी के हाउस नंबर 787 डी ब्लॉक में रेंट पर परिवार के साथ रहते थे।