पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के सकारात्मक व सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर सामाजिक बुराई है, जिसके खिलाफ केवल पुलिस कार्रवाई ही नहीं बल्कि एक व्यापक सामाजिक आंदोलन की आवश्यकता है। इस अभियान में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी बेहद जरूरी है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लगभग प्रत्येक आपराधिक वारदात का कहीं न कहीं नशे से संबंध देखने को मिलता है। ऐसे में यदि हमें अपराध मुक्त और स्वस्थ समाज का निर्माण करना है तो नशे जैसी बुराई को जड़ से समाप्त करना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य के तहत जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और उन पर पूरी तरह शिकंजा कसा जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत न केवल नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा रहा है, बल्कि आमजन को जागरूक करने के लिए समय-समय पर सेमिनार, गोष्ठियां और जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोग नशे के दुष्परिणामों को समझ सकें और इससे दूर रहें।
पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि एक जनवरी 2025 से अब तक जिला पुलिस ने मादक पदार्थ अधिनियम के तहत कुल 117 अभियोग दर्ज किए हैं तथा 272 नशा तस्करों को काबू किया गया है। इस दौरान लाखों रुपये के मादक पदार्थ बरामद कर नशा तस्करी की कमर तोड़ने में जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि उक्त अवधि के दौरान जिला पुलिस द्वारा 10 किलो 858 ग्राम अफीम, 4 किलो 714 ग्राम अफीम के पौधे, 3 किलो 215 ग्राम चरस, 6 किलो 174 ग्राम हेरोइन, 235 किलो 830 ग्राम चूरा पोस्त, 18 किलो गांजा तथा 12 हजार 823 नशीली गोलियां व 270 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए हैं। यह आंकड़े जिला पुलिस की सक्रियता और प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के एंटी नारकोटिक सेल को और अधिक मजबूत किया गया है। आमजन नशा बेचने या तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना को एंटी नारकोटिक सेल के इंचार्ज के मोबाइल नंबर 881800-01789 पर व्हाट्सएप या एसएमएस के माध्यम से दे सकते हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। अंत में पुलिस अधीक्षक ने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी धरोहर हैं। उन्हें नशे जैसी बुराई से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद और अन्य सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए, ताकि वे अपने माता-पिता, समाज और देश का नाम रोशन कर सकें। साथ ही उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की चपेट में है तो उसे नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करें और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस का सहयोग लें।