अपने पिता के निधन के कारण स्वदेश लौटने वाले श्रीलंका के हरफनमौला खिलाड़ी दुनिथ वेल्लालगे वापस टीम से जुड़ गए हैं और शनिवार को बांग्लादेश के खिलाफ एशिया कप सुपर 4 मैच में चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे।
वेल्लालगे के पिता सुरंगा का गुरुवार रात को 54 वर्ष की उम्र में दिल का दौरा पडऩे से निधन हो गया था। उसी दिन इस 22 वर्षीय स्पिनर ने अफगानिस्तान के खिलाफ श्रीलंका के ग्रुप बी लीग मैच में हिस्सा लिया था। इस युवा खिलाड़ी को मैच के बाद ही अपने पिता के निधन की खबर पता चली और वह जल्द से जल्द उपलब्ध उड़ान से कोलंबो वापस आ गया।
वह शुक्रवार रात टीम मैनेजर महिंदा हालंगोडे के साथ यूएई लौट आया। श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने शुक्रवार रात एक बयान में कहा, श्रीलंका की टीम यूएई में चल रहे टूर्नामेंट के सुपर 4 चरण अभियान की शुरुआत कल बांग्लादेश के खिलाफ करेगी। वेल्लालगे इस मैच में खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे। बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले के बाद श्रीलंका का सामना 23 सितंबर को पाकिस्तान से और 26 सितंबर को भारत से होगा।