हरियाणा सरकार की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव 26 जनवरी को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगी। यह जानकारी उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने देते हुए बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के तहत शनिवार, 24 जनवरी 2026 को सेक्टर-12 स्थित हेलीपैड ग्राउंड में फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 26 जनवरी को जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह कार्यक्रम में सर्वप्रथम स्वास्थ्य मंत्री आरती राव सेक्टर-12 वॉर मेमोरियल में शहीदों को श्रद्धांजलि देंगी। इसके पश्चात सेक्टर-12 हेलीपैड ग्राउंड में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में तिरंगा फहराएंगी। तिरंगा फहराने के बाद स्वास्थ्य मंत्री आरती राव द्वारा आमजन को सम्बोधित किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री के संबोधन के बाद मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे और कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रीय गान की प्रस्तुति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि उप-मंडल स्तर पर भी गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बल्लभगढ़ स्थित दशहरा ग्राउंड में पूर्व मंत्री व विधायक मूलचंद शर्मा और एनआईटी-01 स्थित दशहरा ग्राउंड में बड़खल विधायक धनेश अदलखा द्वारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया जाएगा।