सनातन धर्म सभा गीता भवन न्यू कॉलोनी द्वारा आयोजित की जाने वाली रामलीला इस साल 78वीं रामलीला होगी। इसे भव्यता देने के लिए जहां रामलीला कमेटी तमाम तैयारियों में जुटी है, वहीं कलाकार भी रिहर्सल में जुटे हुए हैं। युवावस्था में इसी रामलीला में जोरदार अभिनय करने वाले सनातन धर्म सभा के चेयरमैन व रामलीला के मुख्य निर्देशक सुरेंद्र खुल्लर और सभा के प्रधान यू.बी. ग्रोवर का विशेष सहयोग और मार्गदर्शन पूरी टीम को मिल रहा है।
इस बार रामलीला की 1 प्रस्तुति खास होगी। रामलीला में 15 साल के तनुष कुमार अंगद का प्रभावशाली पात्र निभाते हुए अभिनय करेंगें, वहीं उनके पिता अश्विनी कुमार रावण की भूमिका में नजर आएंगें। पुत्र-पिता की यह जोड़ी अंगद-रावण के किरदार में खूब जमेगी। दसवीं कक्षा में पढऩे वाले तनुष अभिनय में गहरी रुचि रखते हैं। वे अपने विद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर कुरुक्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। इस वर्ष वे अंगद के साथ-साथ शत्रुघ्न की भूमिका में भी नजर आएंगें। लगातार दूसरे साल वे इन दोनों पात्रों का अभिनय करेंगें।
इससे पहले वे बालरूप राम गुरुकुल शिक्षा सहित कई अन्य पात्रों में भी अपनी अभिनय क्षमता का प्रदर्शन कर चुके हैं। तनुष के पिता अश्विनी कुमार पिछले 40 वर्षों से इस रामलीला मंचन से जुड़े हुए हैं। पिछले 16 वर्षों से वे रावण की भूमिका को प्रभावशाली ढंग से निभा रहे हैं। इससे पूर्व वे कई वर्षों तक हनुमान की भूमिका भी निभा चुके हैं। रामलीला को भव्य बनाने में चेयरमैन सुरेंद्र खुल्लर, प्रधान उदयभान ग्रोवर के अलावा डायरेक्टर तरुण चावला सहित सभी सदस्य एवं कलाकार दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।