हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत नगर निगम गुरुग्राम ने विभिन्न गतिविधियां आयोजित की। इनमें विशेष सफाई अभियान व वृक्षारोपण अभियान सम्मिलित रहे, जिनमें निगम अधिकारियों, पार्षदों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढकर भाग लिया। नगर निगम गुरुग्राम के संयुक्त आयुक्त-4 रविंदर मलिक के नेतृत्व में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत सेक्टर-42 सरकारी कार्यालय परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
इस अवसर पर सभी सरकारी कर्मचारी एवं स्टाफ सक्रिय रूप से शामिल हुए और कार्यालय परिसर की सफाई की। संयुक्त आयुक्त ने सभी कर्मचारियों से नियमित सफाई व स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया। इसी कड़ी में नगर निगम गुरुग्राम द्वारा बादशाहपुर स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार व रविंदर मलिक उपस्थित रहे।नगर निगम गुरुग्राम द्वारा वजीराबाद स्थित ग्रीन बेल्ट में भी वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि संयुक्त आयुक्त रविंदर मलिक रहे जबकि विशिष्ठ अतिथि के रूप में वार्ड-21 की पार्षद सोनिया यादव, वरिष्ठ सफाई निरीक्षक देवेंद्र बिश्नोई, सफाई निरीक्षक भूपेंद्र, दीपक डागर, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी एवं बुलंद आवाज वेलफेयर सोसाइटी की उपाध्यक्ष प्रिंका यादव उपस्थित रहे।