मैसर्ज बल्लारपुर इंडस्ट्रीज (पेपर मिल) यमुनानगर में हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड द्वारा आयोजित 2 दिवसीय मण्डल स्तरीय श्रमिक खेलकूद प्रतियोगिता-2025 का आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस कार्यक्रम में यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह में विधायक ने श्रमिकों को नशामुक्ति और खेल भावना की शपथ दिलाकर स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली को अपनाने का संदेश दिया।

विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, सहयोग और सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने श्रमिक वर्ग को समाज और अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि श्रमिक हमारी प्रगति का आधार हैं। उनके शारीरिक और मानसिक विकास के बिना राज्य का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड की इस पहल की सराहना की, जिसका उद्देश्य श्रमिकों की प्रतिभा को निखारना और उन्हें स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करना है। विधायक ने नशे के दुष्प्रभावों पर जोर देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य को नष्ट कर देता है। उन्होंने कहा कि नशा न केवल शरीर को कमजोर करता है, बल्कि यह आर्थिक और सामाजिक जीवन को भी तबाह करता है।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने और खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने श्रमिकों से समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड द्वारा आयोजित 2 दिवसीय खेल प्रतियोगिता का उद्देश्य श्रमिकों में खेल भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक विकास को बढ़ावा देना है। इस आयोजन में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर और 800 मीटर दौड़, ऊँची कूद, लंबी कूद, शॉट पुट, डिस्कस थ्रो, कुश्ती, रस्साकशी, कबड्डी, नेशनल स्टाइल, और वॉलीबॉल पुरुष वर्ग, जैसे रोमांचक खेल शामिल हैं। विजेता टीमों में प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उप-श्रम आयुक्त पंचकूला नवीन शर्मा, उप-श्रम आयुक्त (कल्याण) पंचकूला सुरेन्द्र कौर, सहायक श्रम आयुक्त यमुनानगर रोशन लाल, श्रम कल्याण अधिकारी यमुनानगर नीशा नैन सहित खिलाड़ी व अधिकारी मौजूद रहे।