DAV शताब्दी महाविद्यालय, फरीदाबाद के संस्कृत विभाग द्वारा आईक्यूएसी एवं आर्य समाज इकाई के संयुक्त तत्वावधान में भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद नई दिल्ली, के सहयोग से 12-13 सितम्बर को स्वामी दयानंद सरस्वती का वैदिक दर्शन विषय पर एक दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी हाइब्रिड मोड का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस संगोष्ठी में देश-विदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और संस्थानों से विद्वान, शिक्षाविद् एवं शोधार्थी भाग लेंगे।
संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य स्वामी दयानंद सरस्वती द्वारा प्रतिपादित वैदिक दर्शन को समकालीन संदर्भों में पुन: स्थापित करना तथा भारतीय ज्ञान परंपरा की वैश्विक प्रासंगिकता पर विमर्श करना है। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में विभिन्न अकादमिक एवं सामाजिक क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियाँ शामिल होंगी। संगोष्ठी के दौरान मुख्य वक्तव्य, शोधपत्र वाचन एवं विचार-विमर्श के माध्यम से वैदिक विचारधारा, समाज सुधार, शिक्षा, संस्कृति एवं आधुनिक चुनौतियों पर समाधान जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि इस संगोष्ठी से न केवल विद्यार्थियों और शोधार्थियों को मार्गदर्शन मिलेगा, बल्कि वैदिक विचारधारा के व्यावहारिक स्वरूप को समझने का भी अवसर प्राप्त होगा। संयोजक डॉ. अमित शर्मा ने कहा कि इस अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी से भारतीय संस्कृति और दर्शन के वैश्विक दृष्टिकोण को नई दिशा मिलेगी।