श्रेयस अय्यर को आस्ट्रेलिया ए के खिलाफ कानपुर में 30 सितंबर से होने वाली 3 मैचों की वनडे श्रृंखला के लिए भारत ए का कप्तान बनाया गया है लेकिन कमर की तकलीफ के कारण वह अगले 6 महीने लाल गेंद के क्रिकेट से दूर रहेंगे। 30 वर्ष के अय्यर ने हाल ही में BCCI चयन समिति के अध्यक्ष अजित अगरकर को बताया है कि वह कमर की तकलीफ के कारण लाल गेंद का क्रिकेट नहीं खेल सकते। भारत ए टीम में स्पिनर रवि बिश्नोई, विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह, हरफनमौला रियान पराग और आयुष बडोनी शामिल हैं। एशिया कप सुपर 4 में पाकिस्तान और बांग्लादेश के खिलाफ अर्धशतक बनाने वाले सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, मध्यक्रम के बल्लेबाज तिलक वर्मा , तेज गेंदबाज हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह दूसरे (3 अक्टूबर) और 3 मैच (5 अक्टूबर) के लिए भारत ए टीम से जुड़ेंगे।
वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 टेस्ट मैचों के लिए भारतीय टीम का ऐलान करते हुए अगरकर ने कहा कि आस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे टीम के कप्तान को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई लेकिन भारत ए श्रृंखला से अय्यर को अपनी नेतृत्व क्षमता दिखाने का मौका मिलेगा। अगरकर ने कहा, हम चाहते हैं कि श्रेयस अय्यर खेलें और अच्छा खेलें। ऐसा नहीं है कि वह पहले भारत ए के कप्तान नहीं रहे हैं। उन्होंने अपनी फ्रेंचाइजी की भी शानदार कप्तानी की है और भारत ए की कप्तानी से हमें आंकने का मौका मिलेगा। हमने आस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे कप्तानी (अक्टूबर में) पर कोई बात नहीं की है।
अय्यर ने लाल गेंद से क्रिकेट से अलग होने के अपने फैसले से BCCI को अवगत करा दिया है। BCCI सचिव देवाजीत सैकिया ने एक बयान में कहा, श्रेयस अय्यर ने बीसीसीआई को लाल गेंद वाले क्रिकेट से 6 महीने का ब्रेक लेने के अपने फैसले की जानकारी दी है। ब्रिटेन में पीठ की सर्जरी कराने और अच्छी तरह से ठीक होने के बाद हाल ही में लंबे प्रारूप में खेलते समय उन्हें बार-बार पीठ में ऐंठन और जकडऩ का अनुभव हुआ है।
उन्होंने कहा , वह इस समय का उपयोग अपनी सहनशक्ति, शरीर की लचीलापन और अपनी फिटनेस पर काम करने के लिए करना चाहते हैं। उनके इस निर्णय के कारण, ईरानी कप के लिए उनके चयन पर विचार नहीं किया गया। अय्यर ने दलीप ट्रॉफी में पश्चिम क्षेत्र के लिए लाल गेंद का क्रिकेट खेलते हुए 41 से ऊपर की औसत से रन बनाए थे। चयनकर्ताओं ने रजत पाटीदार को विदर्भ के खिलाफ एक अक्टूबर से शुरू होने वाले ईरानी कप मैच में शेष भारत का कप्तान बनाया गया है। पाटीदार ने इस महीने की शुरूआत में दलीप ट्रॉफी में मध्य क्षेत्र के लिए दो शतक, 2 अर्धशतक लगाए हैं।