कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे के बावजूद मेवात जि़ले से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोश ठंडा नहीं पड़ा। रविवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना हुए, जहां रामलीला मैदान में कांग्रेस पार्टी द्वारा ‘वोट चोर गद्दी छोड़ के नारे के साथ एक विशाल महारैली का आयोजन किया जा रहा है। इस महारैली में शामिल होने के लिए मेवात जि़ले के अलग-अलग इलाकों से कार्यकर्ता बसों, गाड़ियों और निजी वाहनों से दिल्ली की ओर कूच करते नजर आए।
बता दें कि हरियाणा का नूँह जिला कांग्रेस का गढ़। नूँह जिले की 3 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस का कब्ज़ा।कार्यकर्ताओं का कहना है कि मौजूदा भाजपा सरकार संविधान को कुचलने का काम कर रही है और लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है। उनका दावा है कि भाजपा ने वोट चोरी कर सरकार बनाई है और इसी के खिलाफ आज की यह महारैली आयोजित की गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह रैली केवल राजनीतिक नहीं बल्कि संविधान को बचाने की लड़ाई है, जो आने वाले समय में एक बड़ा बदलाव लेकर आएगी।
पुनहाना विधानसभा से कांग्रेस विधायक चौधरी इलियास मोहम्मद के साहबजादे कांग्रेस नेता जावेद एडवोकेट अपने पिनगवां स्थित कार्यालय से भारी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुए। जावेद एडवोकेट ने कहा कि आज की रैली एक इतिहास रचेगी और इससे देश की राजनीति में नया मोड़ देखने को मिलेगा।उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से खड़े हैं। केवल पुनहाना विधानसभा ही नहीं, बल्कि फिरोजपुर झिरका और नूंह क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में लोग इस महारैली में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना हुए हैं। जिले के गांव गोकलपुर से कांग्रेस नेता इम्तियाज अली भी अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली के लिए निकले।
इम्तियाज अली ने कहा कि आज की यह महारैली जनता की आवाज बनेगी और देश की राजनीति में नया इतिहास लिखेगी।ठंड और कोहरे के बीच निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं के चेहरों पर जोश और उत्साह साफ नजर आया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि हालात चाहे जैसे भी हों, वे लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए पीछे हटने वाले नहीं हैं। अब सबकी निगाहें दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली इस महारैली पर टिकी हैं, जहां से कांग्रेस बड़े राजनीतिक संदेश देने की तैयारी में है।