Faridabad : नगर निगम फरीदाबाद द्वारा शहरवासियों को बेहतर और उत्तम स्वच्छ सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने जानकारी देते हुए कहा कि निगम प्रत्येक डिविजन जोन में 5 से 6 सीटर आधुनिक शौचालयों का निर्माण करेगा। इन शौचालयों को इस प्रकार डिजाइन किया जाएगा कि यह स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक हों। जिसमें विकलांग के लिए सुविधा हो और महिलाओं के लिए (Pink Toilet) तथा आमजन को उपयोगी सेवाएं प्रदान कर सकें।
इसके लिए निगम प्रशासन स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम जनता से राय भी लेगा, ताकि शौचालय निर्माण के लिए उपयुक्त स्थानों का चयन सुनिश्चित किया जा सके। निगम आयुक्त जानकारी दी कि यह जनहित कार्य स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत किया जा रहा है। इससे शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सार्वजनिक सुविधाओं की कमी दूर होगी और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध होगा। नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस योजना में सक्रिय सहयोग दें और अपने सुझाव 26 सितंबर तक विभाग की वेबसाइट पर देकर इस जनहित कार्य को सफल बनाने में भागीदार बनें।
गौरतलब है कि शहर के बड़े बाज़ारों में सार्वजनिक शौचालयों की हालत बेहद खराब है। NIT एक नंबर मार्केट में लगभग 5000 दुकानें हैं। रोजाना 15 से 20 हजार लोग खरीदारी के लिए बाजार आते हैं। इन खरीदारों में 70 % महिलाएं होती हैं। लेकिन इतने बड़े बाज़ार में महिलाओं के लिए 1 भी शौचालय नहीं है। निगम ने बाजार में शौचालय तो बनवाए हैं, लेकिन रखरखाव के अभाव में उनकी हालत बदतर हो गई है। इसके साथ ही, NIT के 5 नंबर मार्केट में 2000 से ज्यादा दुकानें हैं। इस बाजार में 10 हजार से ज़्यादा लोग खरीदारी के लिए आते हैं। इस बाजार में महिलाओं के लिए शौचालय भी नहीं हैं। ओल्ड फरीदाबाद मार्केट में लगभग 1500 दुकानें हैं। औसतन यहां रोजाना लगभग 10 से 12 हजार ग्राहक आते हैं। इतने बड़े बाजार में महिलाओं के लिए एक भी शौचालय नहीं है। सेक्टर 7-10 के बाजार का भी यही हाल है।