भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश विस्तारित कार्य समिति की बैठक गुरुवार को करनाल स्थित मंगल ऑडोटोरियम के सभागार में हुई। इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली व हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद् की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। बैठक में प्रदेश के सभी जिलों से महिला मोर्चा की पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुई। कार्यक्रम का शुभारम्भ वंदे मातरम के गीत से हुआ।
भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी मातृशक्ति ही समाज, घर और देश की असली नींव है। हमारी मातृशक्ति ही सनातन समाज को जोड़े रखती है और घर से लेकर देश की अर्थव्यवस्था और राजनीति भी उन्हीं पर टिकी है। उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई, अहिल्या बाई जैसी वीरांगनाओं और अंतरिक्ष वैज्ञानिक कल्पना चावला का भी स्मरण किया, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में देश का नाम रोशन किया। डा. पूनिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के लिए उठाए गए कदमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की असुरक्षा और समस्याओं को दूर करने के लिए मोदी सरकार ने कई योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने महिलाओं से आत्मनिर्भर भारत के अभियान में सहयोग देने का आग्रह किया। डा. पूनिया ने कहा कि पीएम मोदी ने छोटी-छोटी चीजों में भी विदेशी सामान की बजाय स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करने का संकल्प दिलाया ताकि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा का महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने हमेशा समाज और संगठन के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का काम करने का तरीका ऐसा है कि कार्यकर्ता लगातार व्यस्त रहते हैं।

उन्होंने सभी महिला कार्यकर्ताओं का पार्टी के प्रति समर्पण और मेहनत के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए भाजपा सरकार संकल्पित होकर कार्य कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री रहते हुए गुजरात को एक मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया और वर्ष 2014 से भारत की संस्कृति और शक्ति को पूरी दुनिया के सामने स्थापित किया है तथा विश्व में अलग पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान और उज्ज्वला जैसी योजना लागू करके महिलाओं के प्रति अपनी संवेदनाओं को प्रकट किया है। प्रधानमंत्री ने पंचायती राज संस्थाओं, नगरपालिकाओं और निगमों में महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व और सम्मान सुनिश्चित किया है।
बडौली ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन उपलक्ष्य में प्रदेश में 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक ‘सेवा पखवाड़े का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन और विश्वकर्मा दिवस से शुरू होने वाले इस पखवाड़े में महिला मोर्चा की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। इस सेवा पखवाडे में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान महिला कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि भारतीय जनता पार्टी में हमेशा कार्यकर्ताओं को ही मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए नगर पालिका और नगर परिषद चुनावों में भी कार्यकर्ताओं को ही टिकट दिए गए थे। उन्होंने कहा कि भविष्य में होने वाले सभी चुनावों में महिला कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण भूमिका और भागीदारी निभाने का अवसर मिलेगा।