भाजपा जिला महामंत्री नरेंद्र सिंह राणा व जिला महामंत्री प्रवीण खदरी ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा पेश किए गए हरियाणा के बजट को लेकर आज भाजपा जिला कार्यालय यमुना कमल में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा , भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विधु रावल, यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, चेयरमैन रमेश चंद ठसका, पूर्व मेयर मदन चौहान जिला मीडिया प्रभारी कपिल मनीष गर्ग,मंडल अध्यक्ष आदेश राणा, सतीश चौधरी, विपिन साहनी,शुभम दत्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने प्रेस वार्ता में सर्वप्रथम होली के पवन पर्व की सभी को बधाई दी एवं मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा पेश किए गए बजट को जनहितैषी व विकासपरक बताया है।
कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने हरियाणा सरकार के वर्तमान बजट की प्रशंसा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा विकसित हरियाणा का संकल्प: 2.23 लाख करोड़ का ऐतिहासिक बजट, हर वर्ग की खुशहाली पर मुहर लगा रहा है, कैथल से यमुनानगर तक फोरलेन बनाया जाएगा,वीटा बूथों में महिला समूहों को 20 फीसदी आरक्षण देने की घोषणा को महिला हित में बड़ा कदम बताया वहीं ,हिसार में 30 करोड़ की लागत से हरियाणा पशु चिकित्सा महामारी विज्ञान केंद्र बनाने की घोषणा को क्षेत्र में विकास की बड़ी परियोजना बताया। कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने हरियाणा के बजट का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी, जिनके पास वित्त विभाग भी है, ने हर वर्ग के कल्याण के लिए बजट पेश किया है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री ने बजट से पूर्व जो सुझाव लिए थे, उनका समावेश इस बजट में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि श्रमिक वर्ग का जीवन स्तर उंचा उठाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं।
इनमें मुख्य रूप से श्रमिकों के बच्चों को अच्छी शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए अटल आवासीय विद्यालय खोलने की घोषणा की है, जिसमें कक्षा 6 से 12 तक की पढ़ाई होगी। इसके अलावा हर साल सभी श्रमिकों का मुफ्त स्वास्थ्य जांच कराई जाएगी, इसके लिए समेकित सुरक्षित श्रमिक स्वास्थ्य सिस्टम शुरू किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि कृषि तथा कृषि कृषक वर्ग को बढ़ावा देने के लिए कृषि एग्री डिस्कोम बनाने की घोषणा की गई है ,प्राकृतिक खेती एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए बहुत सी महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई है जिससे किसानों की आमदनी में बढ़ोतरी होगी। कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि हरियाणा के वर्तमान बजट में किसानों को सीधा बाजार देने के लिए प्रदेशभर में ग्रामीण हाट मंडियां स्थापित करने की घोषणा की गई है।
कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण से प्रमाणित किसानों को अगले 5 वर्षों तक 10 हजार रुपए प्रति एकड़ प्रति वर्ष अनुदान देने की घोषणा भी बजट में की गई है। इसके अलावा देसी कपास की खेती की प्रोत्साहन राशि 3 हजार रुपए से बढ़ाकर 4 हजार प्रति एकड़ देने का ऐलान भी बजट में किया गया है। धान छोडक़र दालें, तिलहन और कपास उगाने वाले किसानों को दो हजार रुपए प्रति एकड़ अतिरिक्त बोनस देने की घोषणा भी बजट में की गई है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विधु रावल ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बजट में एक लाख युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की ट्रेनिंग देने व इसके बाद उन्हें नौकरी देने की बात कही है। प्रदेश में एग्री डिस्कॉम नाम से नया बिजली निगम बनाया जाएगा, जिसके तहत किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन दिए जाएंगे। हर नारी, स्वस्थ नारी योजना के तहत, हर जिले में स्वस्थ नारी क्लीनिक बनाए जाएंगे। बजट में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईडीसी) वर्ष 2026-27 में औद्योगिक प्लॉटों के लिए लैंड ऑन लीज नीति लागू करके इस नीति के तहत, औद्योगिक प्लॉट दीर्घकालीन लीज पर उपलब्ध कराने व आवश्यकता होने पर इन्हें फ्री होल्ड में परिवर्तित करने की सुविधा देने की घोषणा की है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विधु रावल ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने धार्मिक स्थलों के लिए बसें चलाने, 500 वर्ग गज तक के मकानों में हर महीने 10 किलो लीटर पानी फ्री देने व पानी व सीवरेज पर बकाया 140 करोड़ रुपए का सरचार्ज माफ करने की घोषणा का भी स्वागत किया। जिला यमुनानगर में स्पोर्ट्स स्टेडियम व आयुष के केंद्र खोलकर स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाया जाएगा। जिला यमुनानगर में खिलाड़ियों की सुविधा के लिए सिंथेटिक ट्रैक को मंजूर किया गया है। यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बजट में मेक इन हरियाणा नीति की घोषणा करते हुए निवेशकों को आकर्षित करने के लिए सभी ब्लॉकों में औद्योगिक निवेश तथा कर्मचारियों की भर्ती व आरएंडडी के लिए वित्तीय प्रोत्साहन एवं एम्प्लॉयमेंट सब्सिडी 48 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये प्रति कर्मचारी प्रति वर्ष करने की बात कही है।
विधायक धनश्याम दास अरोड़ा ने बताया कि बजट में सक्षम फंड की भी घोषणा की गई है जिसके तहत सोनीपत, हिसार, अम्बाला शहर, यमुनानगर, सिरसा, फतेहाबाद, नीलोखेड़ी, बहादुरगढ़, बरवाला एवं पानीपत में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 500 करोड़ रुपये का विशेष फंड बनेगा। वर्तमान हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री नरसिंह सैनी हर जाति हर वर्ग को साथ लेकर चल रहे हैं यही उनकी सबसे बड़ी विशेषता है और इसी वजह से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरियाणा भाजपा सरकार को हरियाणा की जनता पूरा स्नेह व आशीर्वाद प्रदान कर रही है।