भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि कोई टूर्नामेंट जीतने के बाद किसी चैम्पियन टीम को ट्रॉफी नहीं दिया जाना उन्होंने पहले कभी नहीं देखा लेकिन यह भी कहा कि उनकी असली ट्रॉफी उनके 14 अनमोल साथी खिलाड़ी हैं। पाकिस्तान को 2 सप्ताह के भीतर तीसरी बार हराने के साथ भारत ने एशिया कप जीता। सूर्यकुमार और उनकी टीम ने एशियाई क्रिकेट परिषद और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष और पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। नकवी अपने भारत विरोधी रवैए के लिए जाने जाते हैं। भारतीय टीम ने नकवी से ट्रॉफी नहीं ली और नकवी मंच से उतरकर ट्रॉफी अपने साथ ले गए।
सूर्यकुमार ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, जब से मैंने क्रिकेट खेलना या देखना शुरू किया है, मैने ऐसा पहले कभी नहीं देखा कि विजई टीम को ट्रॉफी नहीं दी गई हो और वह भी इतनी मेहनत से जीती गई ट्रॉफी। ऐसा नहीं है कि हमने आसानी से जीत ली। हमने काफी मेहनत से यह टूर्नामेंट जीता था। उन्होंने मुस्कुराहट के पीछे अपनी मायूसी छिपाते हुए कहा, हम 4 सितंबर से यहाँ थे, आज हमने एक मैच खेला। 2 दिनों में लगातार दो अच्छे मैच। मुझे लगता है कि हम इसके हकदार थे। और मैं इससे ज़्यादा कुछ नहीं कह सकता। मुझे लगता है कि मैंने अपनी बात बहुत अच्छी तरह कह दी है।
सूर्यकुमार ने कहा, अगर आप मुझे ट्रॉफियों के बारे में बताएं तो मेरी ट्रॉफियां मेरे ड्रेसिंग रूम में हैं। मेरे साथ सभी 14 खिलाड़ी। पूरा सहयोगी स्टाफ। यही असली ट्रॉफियां हैं। ए असली पल हैं जिन्हें मैं प्यारी यादों के रूप में अपने साथ ले जा रहा हूँ जो आगे भी हमेशा मेरे साथ रहेंगी। और बस इतना ही। सूर्यकुमार ने बाद में एक्स पर लिखा, मैच पूरा होने के बाद सिर्फ चैम्पियंस को याद रखा जाता है, ट्रॉफी की तस्वीर को नहीं। उन्हें टी-20 कप्तान नियुक्त हुए लगभग 14 महीने हो गए हैं और यह निश्चित रूप से उनके लिए सबसे बड़ा टूर्नामेंट था, हालाँकि उनका अपना बल्ला इस दौरान खामोश रहा। निराशा का भाव बना रहता है, लेकिन जब वे भारत, एशिया कप, 2025 चैंपियन देखते हैं, तो वह गायब हो जाता है। सूर्यकुमार ने उस समय भी अपना संयम बनाए रखा जब एक पाकिस्तानी पत्रकार ने उन पर पाकिस्तानी कप्तान से हाथ मिलाने से इनकार और फाइनल से पहले फोटोशूट में शामिल नहीं होकर क्रिकेट के मैदान पर तुच्छ राजनीति करने का आरोप लगाया। जब भारतीय मीडिया मैनेजर ने उस पत्रकार को रोकना चाहा तो सूर्यकुमार ने मुस्कुराते हुए कहा, आप नाराज हो रहे हैं, है ना।