सोहना मार्केट कमेटी विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुमानित बजट को मंजूरी दे दी है। विभाग को आने वाले वर्ष में कुल 2 करोड़ 86 लाख रुपये की आय होने का अनुमान है। यह आमदनी विभाग को मार्केट फीस, किराया, लाइसेंस फीस आदि से प्राप्त होगी। जबकि विभाग विभिन्न मदों पर करीब पौने चार करोड़ रुपये की राशि खर्च करेगा। शुक्रवार को मार्केट कमेटी ने अपना वार्षिक बजट पारित कर दिया। बजट के अनुसार विभाग को 2 करोड़ 86 लाख रुपये की आय होने का अनुमान है। इसके बावजूद मार्केट कमेटी अनाज मंडी परिसर के विकास कार्यों पर करीब पौने चार करोड़ रुपये खर्च करेगी। पारित किए गए बजट प्रस्ताव को जिला उपायुक्त के माध्यम से मार्केटिंग बोर्ड को मंजूरी के लिए भेज दिया गया है। मंजूरी मिलने के बाद विकास कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।
यह बजट प्रस्ताव मार्केट कमेटी के चेयरमैन दयाराम लोहिया की संस्तुति पर तैयार किया गया है। मार्केट कमेटी विभाग का ओपनिंग बैलेंस 97 लाख 44 हजार रुपये है। इसके अलावा विभाग को आने वाले वित्तीय वर्ष में अनुमानित 2 करोड़ 86 लाख 41 हजार रुपये की आय होगी, जो विभिन्न मदों से प्राप्त होगी। इसमें मार्केट फीस से 1 करोड़ 41 लाख रुपये, किराये से 15 लाख 46 हजार रुपये, पेनल्टी से 1 लाख 21 हजार रुपये, लाइसेंस फीस से 1 लाख रुपये तथा प्लॉट आदि से 90 लाख रुपये की आय शामिल है। वहीं विभाग आने वाले वित्तीय वर्ष में कुल 3 करोड़ 71 लाख 93 हजार रुपये की राशि खर्च करेगा। इसमें वेतन पर 77 लाख रुपये, सफाई व्यवस्था पर 10 लाख रुपये, स्ट्रीट लाइट पर 10 लाख रुपये, रोड निर्माण पर 81 लाख 50 हजार रुपये तथा पानी व सीवरेज व्यवस्था पर 10 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
वर्जन:
मार्केट कमेटी का वार्षिक बजट पारित कर मंजूरी के लिए मार्केटिंग बोर्ड को भेज दिया गया है। यह बजट फिलहाल अनुमानित है। (दिनेश श्योकंद-सचिव मार्केट कमेटी सोहना)
अनाज मंडी में सामूहिक समस्याओं का निपटान किया जाएगा। अनाज मंडी की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इसके लिए बजट अलग से तैयार किया जाएगा। (दयाराम लोहिया-चेयरमैन मार्केट कमेटी सोहना)