जिला पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने समाज में बढ़ती आपराधिक प्रवृत्तियों और नशे जैसी गंभीर समस्याओं पर चिंता व्यक्त करते हुए अभिभावकों एवं युवाओं से महत्वपूर्ण अपील की है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित, संस्कारित और सशक्त समाज के निर्माण में परिवार की भूमिका सबसे अधिक महत्वपूर्ण होती है। यदि परिवार सजग और जिम्मेदार होगा तो समाज स्वतः ही अपराध और नशे जैसी बुराइयों से मुक्त हो सकेगा।
पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों की दैनिक गतिविधियों, मित्र मंडली और दिनचर्या पर सतर्क नजर रखें। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ नियमित संवाद बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। आज के डिजिटल युग में बच्चों का अधिकतर समय मोबाइल और इंटरनेट पर व्यतीत होता है, ऐसे में अभिभावकों को चाहिए कि वे यह जानें कि उनके बच्चे किन लोगों के संपर्क में हैं और किस प्रकार की सामग्री देख या साझा कर रहे हैं। समय पर दी गई सही सीख, संस्कार और मार्गदर्शन बच्चों को गलत संगति, नशे और अपराध की राह पर जाने से रोक सकते हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल रोकना-टोकना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें समय देना, उनकी बात सुनना और उनकी समस्याओं को समझना भी उतना ही जरूरी है। यदि बच्चे अपने माता-पिता से खुलकर बातचीत करेंगे तो वे किसी भी प्रकार के दबाव या प्रलोभन में नहीं आएंगे। परिवार का मजबूत सहयोग और सकारात्मक वातावरण ही बच्चों को सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। पुलिस अधीक्षक ने युवाओं से भी आह्वान किया कि वे अपने माता-पिता की भावनाओं का सम्मान करें और उनके विश्वास को बनाए रखें। उन्होंने कहा कि माता-पिता का स्नेह, अनुभव और मार्गदर्शन जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। युवा वर्ग को चाहिए कि वे नशे और गलत गतिविधियों से दूर रहकर अपने भविष्य पर ध्यान केंद्रित करें। उन्होंने खिलाड़ियों, राष्ट्रनिर्माताओं और प्रेरणादायक व्यक्तित्वों को अपना आदर्श बनाने की सलाह देते हुए कहा कि सकारात्मक सोच और कड़ी मेहनत से ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है। साथ ही उन्होंने साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक रहने की अपील की। यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी या ऑनलाइन ठगी की घटना होती है तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दे। त्वरित सूचना से धोखाधड़ी की राशि को बचाया जा सकता है। इसके अतिरिक्त यदि आसपास कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त में संलिप्त है तो इसकी सूचना 8818001789, 1933 अथवा मानस पोर्टल पर दी जा सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गुप्त रखी जाएगी। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने कहा कि पुलिस और जनता के संयुक्त प्रयासों से ही अपराध और नशे पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। समाज के प्रत्येक नागरिक का सहयोग आवश्यक है। जागरूकता, सतर्कता और सामूहिक जिम्मेदारी से ही एक सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य का निर्माण संभव है।