अंबाला में टांगरी नदी ने दो माह के वर्षाकाल में शांत रहने के बाद अब रौद्र रूप दिखा दिया है। नदी में उफान
आने के कारण अंबाला के निचले इलाकों में पानी भर गया है। हालत के मद्देनजर घोषणा कर लोगों से सुरक्षित
स्थानों पर जाने की अपील की है। अंबाला कैंट से विधायक कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने भी मौके पर हालात का जायजा लिया, और जिला प्रशासन को बचाव के निर्देश दिए। न्यू लक्की नगर कॉलोनी में पानी भर जाने के कारण कई परिवार अपने घरों की छतों पर शरण लेने को मजबूर हो गए हैं। प्रशासन ने बचाव दल को अलर्ट कर दिया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके। टांगरी नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच चुका है।
नदी का जलस्तर और भी बढ़ने की संभावना है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है और आसपास के स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। टांगरी नदी में लगभग 40 हजार क्यूसिक पानी आने की संभावना सिंचाई विभाग ने जताई है। इसको लेकर प्रशासनिक टीमें अलर्ट पर हैं। साथ ही इलाके में ऐलान करा दिया गया है। एनडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुला लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि टांगरी में पानी आने से बाढ़ के हालात बन सकते हैं। अभी तक शहर के न्यू टैगोर नगर, न्यू शिवपुरी कॉलोनी, अमन नगर, लक्की नगर, रामपुर और न्यू प्रीत नगर में पानी पहुंच चुका है।
यहां पर रहने वाले लोग अपना-अपना जरूरी सामान लेकर ऊंचे क्षेत्रों की तरफ जा रहे हैं। टांगरी नदी के किनारे स्थित डी ए वी स्कूल में छुट्टी करा दी गई। पुलिस लोगों को टांगरी नदी के किनारे से निकलकर सुरक्षित इलाकों में जाने को लेकर ऐलान भी कर रही है। टांगरी नदी में 15,400 क्यूसेक को खतरनाक स्तर माना जाता है। नदी का अधिकतम जलस्तर 20,900 क्यूसिक तक पहुंचा है।